चंडीगढ़: चंडीगढ़ ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त सदस्य श्री पवन शर्मा ने अपने मनोनयन के लिए माननीय पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक, श्री गुलाब चंद कटारिया जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प लिया।
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की बैठक और सदस्यता ग्रहण:
आज खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक डीआईसी (DIC) कार्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में सभी नवनियुक्त सदस्यों और चेयरमैन ने औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्रों पर हस्ताक्षर कर बोर्ड की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री पवित्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, भाजपा महासचिव रामबीर भट्ठी, तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में चेयरमैन दीदार सिंह ने सभी सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की और सामूहिक रूप से जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। बोर्ड सदस्य पवन शर्मा ने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
बलटाना फाटक मुद्दे पर मिली अहम प्रगति:
पवन शर्मा ने इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी दी, जिससे बलटाना क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले सात-आठ वर्षों से जॉइंट एक्शन कमेटी एवं उसके प्रधान प्रताप सिंह राणा द्वारा लगातार उठाए जा रहे बलटाना फाटक संबंधी मुद्दे पर चंडीगढ़ प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को आधे खर्च का वहन करने की सहमति दे दी है।
यह सहमति पत्र मेल और व्हाट्सऐप के माध्यम से बोर्ड की मौजूदगी में रेलवे को भेजा गया, जिसकी प्रति भी टीम को उपलब्ध करा दी गई है। इस बड़ी प्रगति पर टीम ने चीफ इंजीनियर ओझा को बुके और मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। सभी सदस्यों ने एकस्वर में माननीय राज्यपाल तथा चंडीगढ़ प्रशासन का आभार जताया, जिनकी पहल पर यह लंबित मुद्दा अब समाधान की ओर बढ़ रहा है। यह निर्णय बलटाना क्षेत्र के यातायात और जनजीवन को सुगम बनाने में सहायक होगा।
