चंडीगढ़: चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, चंडीगढ़ के सदस्य पवन शर्मा ने हाल ही में महामहिम राज्यपाल पंजाब एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया जी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसमें कई जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।
शिक्षकों और ट्रांसपोर्ट के मुद्दे प्राथमिकता पर:
मुलाकात की शुरुआत में पवन शर्मा ने महामहिम राज्यपाल को ट्रांसपोर्ट एरिया, चंडीगढ़ में एक निर्धारित कार्यक्रम के लिए पधारने हेतु सविनय आमंत्रण प्रस्तुत किया। इसके पश्चात, चर्चा में वर्ष 2015 में भर्ती हुए चंडीगढ़ के शिक्षकों से संबंधित एक लंबे समय से लंबित विषय को महामहिम के संज्ञान में लाया गया। यह मामला माननीय CAT चंडीगढ़ एवं माननीय हाई कोर्ट के आदेशों के अनुरूप शिक्षकों की प्रोबेशन क्लियर करने, वित्तीय लाभ प्रदान करने और उन्हें नियमित सेवा में स्थापित करने से जुड़ा है। शिक्षकों की ओर से (पीएम श्री सरकारी मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धानास) ने भी अपना पक्ष स्पष्ट रूप से रखा। मुलाकात के दौरान पवन शर्मा ने कालका–बाड़मेर ट्रेन से जुड़ी व्यवस्थित सेवाओं की कमी, मार्ग से संबंधित कठिनाइयों तथा यात्रियों को होने वाली असुविधाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही, बलटाना फाटक से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से महामहिम के समक्ष प्रस्तुति दी गई।
इस बैठक में प्रताप सिंह राणा, रविन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र कुमार और जतिन शर्मा भी मौजूद रहे। यह भेंट क्षेत्रीय समस्याओं को उचित मंच पर रखने और समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का एक रचनात्मक अवसर रही।
