मुंबई: तेज़ी से उभरती फिल्म प्रोडक्शन कंपनी सोलो नैक्स एक बार फिर सुर्ख़ियों में है, लेकिन इस बार वजह थोड़ी परेशान करने वाली है. साल 2024 में आई उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लज्ज्पाल – द एंडलेस जर्नी’, जिसने दुनियाभर के सिनेमाघरों में 25 लाख से ज़्यादा दर्शकों का दिल जीता, उसके सीक्वल ‘लज्ज्पाल 2 – द डेस्टिनेशन’ को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है. हाल ही में पार्ट 2 का एक छोटा सा ग्लिम्प्स जारी हुआ था, जिसमें भगवान शिव महादेव का रूप दिखाए जाने की बात सामने आई थी, और इससे फैंस में ज़बरदस्त उत्साह देखने को मिला था.
क्या ‘लज्ज्पाल 2’ ठंडे बस्ते में?
हालांकि, अब जो खबरें सामने आ रही हैं, वे फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, सोलो नैक्स ने हाल ही में तीन नए प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू किया है, लेकिन इन तीनों में से किसी में भी ‘लज्ज्पाल 2’ का नाम शामिल नहीं है. ‘लज्ज्पाल’ के पोस्ट-क्रेडिट सीन में पार्ट 2 की रिलीज़ डेट 2027 बताई गई थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखकर लगता नहीं कि यह फिल्म इतनी जल्दी परदे पर आ पाएगी.
‘पार्थ’ की वापसी पर अटकलें
इन सबके बीच एक और बड़ी अफवाह ने तूल पकड़ लिया है. बताया जा रहा है कि फिल्म के मुख्य किरदार “पार्थ” ने ‘लज्ज्पाल 2’ करने से इनकार कर दिया है. अगर यह बात सच है, तो यह फिल्म के रुकने की एक बड़ी वजह हो सकती है. हमने इस संबंध में फिल्म के डायरेक्टर हर्ष गोगी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया. उनकी यह चुप्पी इस बात की ओर इशारा कर रही है कि दाल में कुछ काला ज़रूर है.
यह साफ तौर पर संकेत दे रहा है कि या तो ‘लज्ज्पाल 2’ बनेगी ही नहीं, और अगर बनी भी तो दर्शकों को पार्थ समेत कई अन्य किरदारों के बदले हुए चेहरे देखने को मिल सकते हैं. ‘लज्ज्पाल’ के फैंस के लिए यह निश्चित रूप से एक निराशाजनक खबर है. क्या सोलो नैक्स इस सस्पेंस को जल्द खत्म करेगा? हमें इंतज़ार रहेगा.
