चंडीगढ़: गांधी स्मारक निधि, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश (पट्टीकल्याणा) के तत्वावधान में गांधी स्मारक भवन, चंडीगढ़ में 07 दिसंबर 2025 को “होंसलों की उड़ान” संगठन के सहयोग से एक अनूठी बर्ड हाउस पेंटिंग कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सभी आयु वर्ग के लगभग 60 बच्चों और बड़ों ने निःशुल्क भाग लिया। प्रतिभागियों को आर्ट एंड क्राफ्ट से संबंधित जानकारी दी गई और उन्हें एक-एक चिड़िया का घोंसला तथा पेंटिंग की सामग्री मुफ्त में प्रदान की गई। सभी ने उत्साह के साथ अपने घोंसलों को रंग-बिरंगे रंगों से सजाया और कार्यशाला के बाद उन्हें अपने घर के बगीचों में टाँगने के लिए साथ ले गए।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर:
इस अवसर पर गांधी स्मारक निधि के ट्रस्टी राजेश आत्रेय ने “होंसलों की उड़ान” संस्था की संस्थापक पूनम ओला के प्रयासों की सराहना करते हुए पक्षियों और वृक्षों की रक्षा के माध्यम से पर्यावरण की सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के वाइस चेयरमैन रविन्द्र शर्मा ने बच्चों को अत्यंत सुंदर और आसान तरीके से चिड़िया और वृक्षों के चित्र बनाना सिखाया। आधारशिला साहित्य संस्था की संस्थापक अनीता सुरभि ने इस प्रकार की कार्यशालाओं के आयोजन के महत्व को रेखांकित किया और भविष्य में भी इनके आयोजन की बात कही।
आगामी कार्यक्रम की घोषणा:
“होंसलों की उड़ान” संस्था की संस्थापक पूनम ओला ने सभी उपस्थित लोगों को बताया कि आगामी रविवार, यानी 14 दिसंबर को भी चंडीगढ़ ललित कला अकादमी के सेक्टर 38 स्थित कार्यालय में ऐसी ही चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में उनकी पुस्तक “होंसलों की उड़ान” का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। कार्यक्रम में गांधी स्मारक भवन की सलाहकार रंजना गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मशहूर कलाकार श्रीमती विनोद कपूर, डॉ रोमेश, गोविन्द, संजू, सपना, गीता, अखिलेश, अमृत कौर, रजनी, जसलीन, मन्नत, सविता, गुरविंदर सिंह, नवीन, नितिका, रेडिशा एवं एन.डी.डी.वाई. और गांधी भवन लाइब्रेरी के छात्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यशाला के अंत में सभी को जूस और आहार का भी वितरण किया गया।
