चंडीगढ़: सेक्टर-20डी स्थित आजाद मार्केट में 06 दिसंबर 2025 की रात 9 बजकर 25 मिनट पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अरोड़ा फोटो फ्रेमिंग, बूथ संख्या 207 में भीषण आग लग गई। पड़ोस के दुकानदारों ने बूथ से धुएं का गुबार निकलते देखा, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों का सामान जलकर राख:
लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी। जब तक दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुँची, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी और दुकान के अंदर रखा सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था। तीन दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान के किरायेदार ब्रह्म देव भी सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि वह रात 9 बजे दुकान बंद करके निकले थे और जगतपुर के रास्ते में ही थे, जब किसी दुकानदार ने फोन पर उन्हें हादसे की जानकारी दी। नुकसान के बारे में पूछे जाने पर किरायेदार ब्रह्म देव ने बताया कि उनका लगभग 3 से 4 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका:
आग लगने की वजह के बारे में पूछने पर उन्होंने शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) को कारण बताया। खबर लिखे जाने तक पुलिस इस घटना के संबंध में अपनी कानूनी कार्रवाई कर रही थी।

