चंडीगढ़: सावन का महीना अपने साथ उमंग और उल्लास लेकर आता है, और इसी के अनुरूप वार्ड नंबर 24 के अधीन आते सेक्टर 42 के कम्युनिटी सेंटर में हरियाली तीज का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस उत्सव में वार्ड और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीनियर डिप्टी मेयर और वार्ड पार्षद जसबीर सिंह बंटी थे।
पंजाबी संस्कृति और पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन
समारोह में पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं ने डीजे और लाइव ढोल की थाप पर गिद्दा और भांगड़ा प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। शानदार नृत्य प्रदर्शन, मजेदार खेल और स्वादिष्ट व्यंजनों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। माहौल में पंजाबी संस्कृति की समृद्ध झलक साफ दिखाई दे रही थी। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में मेहंदी लगाई और गीत गाकर तीज महोत्सव को और भी उमंगपूर्ण बना दिया।
सामाजिक समरसता का प्रतीक हरियाली तीज
अपने संबोधन में जसबीर सिंह बंटी ने हरियाली तीज के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं और सामाजिक समरसता व सौंदर्यबोध को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस समारोह में डिप्टी मेयर तरुण मेहता, पार्षद प्रेमलता, विनोद कौशल, राज कुमार, पी. थरेजा, जे.सी. मैकार्थी बत्रा, आर.डी. गोयल, शशि शर्मा, अजय अरोड़ा, तरलोचन सिंह (बंटी), मंजू जोशी, नीलम शर्मा और कल्पना सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। समारोह का समापन सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी द्वारा सभी उपस्थितगण को जलपान वितरित करने के साथ हुआ।