चंडीगढ़: ‘नशा-मुक्त भारत’ अभियान के तहत समाजसेवी एवं भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान के संस्थापक श्री अनूप सरीन ने आज सरकारी आदर्श उच्च विद्यालय, सेक्टर 34-सी, चंडीगढ़ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देना और उन्हें इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। श्री सरीन ने बच्चों को बताया कि नशे के सेवन से उनकी एकाग्रता और स्मरण शक्ति कमजोर हो जाती है।
युवा राष्ट्र की ऊर्जा: डीएसपी जसविंदर सिंह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री जसविंदर सिंह, डीएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं और उनका समाज तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने नशीली दवाओं के सेवन से बचने के महत्व पर जोर दिया और बच्चों को नशे के खतरों के बारे में जागरूक रहने की सलाह दी। श्री सिंह ने यह भी बताया कि अक्सर करीबी दोस्त ही नशे की ओर धकेलते हैं, इसलिए उनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। अंत में, उन्होंने सभी बच्चों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का प्रण भी करवाया।
नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
इस अवसर पर परिवार कल्याण विभाग, चंडीगढ़ की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आशु वर्मा ने बच्चों को नशे से बचने का संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई उन्हें नशीली दवाओं के सेवन के लिए मजबूर करता है तो उन्हें सख्ती से मना करना चाहिए और तुरंत अपने अध्यापक या परिजनों को इसकी सूचना देनी चाहिए। डॉ. धनेंद्र जौली, चिकित्सक, सेक्टर 45, चंडीगढ़ ने बच्चों को “नशा नहीं अपनाएंगे – भारत को नशा-मुक्त बनाएंगे” का संकल्प दिलाया और स्वस्थ जीवन जीने के लिए नियमित व्यायाम, स्वस्थ भोजन, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री देविंदर पाल सहगल ने भी छात्रों को नशा मुक्त रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों ने नशे के खिलाफ स्लोगन लिखी पट्टियां लहराईं और “नशामुक्त भारत” बनाने का संकल्प लिया। मुख्य प्राध्यापक श्री शाम लाल जी ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर श्री सतिन्दर कुमार, एस.एच.ओ. पी.एस.34; ASI संजय ANTF Team; HC रूपिंदरजीत सिंह, समावेश टीम पीएस-34; Sr. Ct. विपिन, समावेश टीम पीएस-34; L/C नेहा, समावेश टीम पीएस-34; Ct. युद्धवीर, Cyber Crime Cell Team; L/C सोनिया, Self Defense Team; भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान से अशोक शर्मा; विशव गुप्ता; नरेश गोयल; भारत भूषण; नरिन्दर शर्मा एवं रमेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
