चंडीगढ़: चंडीगढ़ के गांव अटावा में स्थित बहुउद्देशीय परिसर/गवर्नमेंट पॉलीक्लिनिक डिस्पेंसरी की खस्ताहाल इमारत को अब नया जीवन मिलेगा। सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने गांव वालों के साथ मिलकर डिस्पेंसरी में स्पेशल मरम्मत का काम शुरू करवाया है। यह कदम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
लंबे समय से थी मरम्मत की जरूरत
डिस्पेंसरी के डॉक्टर तुषार धीर ने बताया कि यह डिस्पेंसरी लगभग एक साल से गांव में चल रही है, लेकिन इमारत की खराब हालत के कारण मरीजों और स्टाफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। डॉ. धीर ने बताया कि सीनियर डिप्टी मेयर और एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने गांव वालों की मांग पर इस समस्या का संज्ञान लिया और मरम्मत कार्य की शुरुआत करवाई।
इस मरम्मत कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 25 लाख रुपए का बजट दिया गया है। इस राशि से डिस्पेंसरी की सभी छतों, बाथरूमों और पब्लिक हेल्थ से जुड़े सभी बड़े मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि डिस्पेंसरी में आने वाले मरीजों को बिना किसी परेशानी के अच्छा इलाज मिल सके।
10 साल बाद फिर खुली थी डिस्पेंसरी
सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि अटावा गांव में 10 साल पहले भी एक डिस्पेंसरी थी, जो बाद में बंद हो गई थी। गांव वालों की मांग पर उन्होंने इस मुद्दे को एडवाइजर साहब के समक्ष उठाया था, जिनकी सहमति से पिछले साल इसे दोबारा शुरू किया गया था। अब 25 लाख रुपये की लागत से इसकी मरम्मत की जा रही है।
मार्केट के प्रधान बहादुर सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जब से डिस्पेंसरी दोबारा खुली है, गांव के लोगों को बहुत फायदा हो रहा है। उन्होंने डॉ. तुषार धीर की भी तारीफ करते हुए कहा कि वे सभी मरीजों का अच्छे से इलाज करते हैं और यहां कई तरह के टेस्ट भी किए जाते हैं।
