चंडीगढ़: धनास के निवासियों ने आज सुबह उस समय राहत की सांस ली, जब वार्ड नं. 14 की जर्जर सड़कों के निर्माण का कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया। यह काम वार्ड के पार्षद स. कुलजीत सिंह संधू और पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर के प्रयासों से संभव हो सका, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया है।
खराब सड़कों से हुए थे कई हादसे
धनास की ये वही सड़कें हैं जिनकी खराब स्थिति के कारण कई लोग घायल हो चुके थे और तो और कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूट गए थे। इन समस्याओं को लेकर पार्षद कुलजीत सिंह संधू लगातार प्रशासन के सामने डटे रहे और उन पर दबाव बनाते रहे।
धरने की चेतावनी का असर
कुलजीत सिंह संधू ने अपनी बात मनवाने के लिए ‘जंगल वाली रोड’ पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी तक दे डाली थी। इस चेतावनी का तुरंत असर हुआ और अगले ही दिन सड़क निर्माण कार्य आरंभ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। धनास वासियों ने राहत महसूस की जब सरकारी इंजीनियरिंग विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारी सड़कें बनाने के साजो-सामान के साथ मौके पर पहुँच गए। इस अवसर पर एरिया एस.डी.ओ., जे.ई., और क्षेत्र के कई सक्रिय एवं सम्मानित लोग मौजूद थे।
पूजा-अर्चना के साथ कार्य का शुभारंभ
स. कुलजीत सिंह संधू ने सबसे पहले पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वार्ड नं. 14 के निवासियों ने इस पहल के लिए पार्षद कुलजीत सिंह संधू का धन्यवाद किया। स. कुलजीत सिंह संधू ने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं आज यहां तक आपकी बदौलत से पहुंचा हूं। मेरा भी फर्ज़ बनता है कि मैं वार्ड नं. 14 की सेवा कर सकूं।” उन्होंने निवासियों को यह भी बताया कि वह सुबह 11 बजे से 2 बजे तक कम्युनिटी सेंटर में बैठते हैं, और यदि किसी को कोई समस्या हो तो वे उनसे वहां आकर मिल सकते हैं। यह पहल धनास के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है और स्थानीय प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ा है।
