पंचकूला: पंचकूला के सैक्टर-15 की मेन रोड पर आज राजस्थान परिवार सेवा संस्था महिला प्रकोष्ठ ने समाज सेवा की एक मिसाल पेश करते हुए ठंडे मीठे पानी की छबील का आयोजन किया। गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत देने और सामाजिक सेवा का संदेश देने के मकसद से इस छबील का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर विशेष रूप से स्पेशल होम सेक्रेटरी श्री मनीराम शर्मा, उनकी धर्मपत्नी और बहन भी उपस्थित रहीं। श्री मनीराम शर्मा ने छबील में शामिल महिलाओं और संस्था के सदस्यों का हौसला बढ़ाया और कहा कि यह बहुत सुखद बात है कि अब राजस्थान परिवार की महिलाएँ भी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एक सकारात्मक संदेश देते हैं और महिला सशक्तिकरण का भी प्रतीक हैं। छबील के आयोजन में संस्था के अध्यक्ष पवन शर्मा, महेन्द्र सिंह चारण, रविंद्र कुमार, संजीव कुमार, नारेश मास्टर, कमल किशोर अग्रवाल, नारायण दत्त, सुरेंद्र शर्मा, सुरेन्द्र वर्मा, ओमकार सिंह राठौड़ सहित संस्था के कई पदाधिकारी, सदस्य और उनके परिवारजन भी मौजूद रहे।
संस्था के अध्यक्ष पवन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले महिला प्रकोष्ठ की बैठक हुई थी, जिसमें सभी महिलाओं ने छबील लगाने की इच्छा जताई थी। उसी निर्णय को आज सबने मिलकर जिम्मेदारी के साथ पूरा किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान परिवार सेवा संस्था के लिए यह गर्व की बात है कि अब संस्था की महिलाएँ भी समाजसेवा के हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। महिला प्रकोष्ठ की सदस्याओं ने भी इस आयोजन में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और राहगीरों को मीठा व ठंडा पानी पिलाकर गर्मी में राहत पहुँचाई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने संस्था के इस कार्य की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर श्री मनीराम शर्मा ने सभी महिलाओं और संस्था के पदाधिकारियों को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन लगातार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का यही जज़्बा एक बेहतर समाज के निर्माण की नींव रखता है।