अहमदाबाद: एसोसिएशन ऑफ अलायंस क्लब इंटरनेशनल, जिला 126-एन ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में जान गंवाने वालों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह श्रद्धांजलि चार्टर गवर्नर एली जी.एस. जज के नेतृत्व में आयोजित एक विशेष सभा के दौरान दी गई। जी.एस. जज ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह हादसा अत्यंत दुखदाई है। हमारी संस्था अलायंस क्लब उन सभी दिवंगतों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है, विशेष रूप से उन मेडिकल छात्रों के प्रति, जो हमारे देश का भविष्य थे और इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।” उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि इन सभी महान आत्माओं को शांति प्राप्त हो।
उप-गवर्नर प्रथम एन.के. महेंद्रू ने भी इस घटना को “बेहद दिल दहला देने वाली” बताया, जिसका वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “इस दुखद घड़ी में हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।” सभी उपस्थित सदस्यों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर चार्टर गवर्नर जी.एस. जज, पी.आई.डी. जे.एस. डांग, उप-गवर्नर प्रथम एन.के. महेंद्रू, रीजन चेयरमैन कुलविंदर फुल्ल, डी.सी.टी. मनी कुमार, पी.आर.ओ. मनदीप सिंह सोहल, जगन नाथ सैनी, एली राकेश चावला, अशोक बजाज, प्रधान पवन कुमार गर्ग, संजय भल्ला, एली राम लुभाया, अध्यक्ष अलायंस क्लब जालंधर एडवाइजर जी.डी. कुंद्रा, संजीव गंभीर, एम.एल. गुप्ता, जयदेव मल्होत्रा, राजीव अग्रवाल, प्रमोद आनंद, नरेंद्र शर्मा, रमेश भंडारी, गुरमीत सिंह रोडा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।